India

Feb 13 2023, 15:02

लिट्टे चीफ को लेकर बड़ा दावा, तमिल नेता ने कहा-जिंदा है प्रभाकरण

#ltteleaderprabhakaranisalive

लिबरेशन टाइगर्स तमिल ईलम यानी (लिट्टे) प्रमुख वी प्रभाकरन के जिंदा होने का दावा किया गया है। तमिल नेशनलिस्ट मूवमेंट के नेता पाझा नेदुमारन ने चौंकाने वाला दावा किया है। साथ ही ये भी कहा है कि वह जल्द सामने आएगा।

वर्ल्ड कनफेडरनेशन ऑफ तमिल्स के अध्यक्ष पी नेदुमारन ने कहा गया है कि लिट्टे प्रमुख प्रभाकरन जिंदा हैं। नेदुमारन ने कहा है कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे तमिल राष्ट्रीय नेता प्रभाकरण जिंदा हैं और वह ठीक हैं। उन्होंने कहा, जल्द ही, सही समय आने पर प्रभाकरण दुनिया के सामने आएंगे और वह इलम तमिल्स के बेहतरी के लिए एक योजना पेश करेंगे। नेदुमारन ने यह भी दावा किया कि प्रभाकरन का परिवार भी सुरक्षित है क्योंकि वह लगातार उनके संपर्क में है। उन्होंने कहा कि प्रभारकन की सहमति के बाद ही मैंने ये जानकारी दी है। नेदुमारन ने कहा, मुझे उम्मीद है कि इस खबर से उन अटकलों पर विराम लगेगा, जो लिट्टे प्रमुख के बारे में फैलाई गई हैं।

प्रभाकरण के बाहर आने का यही सही समय

तंजावुर में मुलिवैक्कल मेमोरियल में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए नेदुमारन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्थिति और श्रीलंका में राजपक्षे शासन के खिलाफ सिंहली लोगों के शक्तिशाली विद्रोह के चलते प्रभाकरण के बाहर आने का यही सही समय है। उन्होंने कहा कि सिंहली लोगों का विद्रोह जो कि राजपक्षे के शासनकाल में दबा दिया गया था, वह अब रंग ला रहा है।

प्रभाकरण को समर्थन देने की अपील

इसके साथ ही नेदुमारन ने दुनिया भर में ईलम तमिलों (श्रीलंकाई तमिल) और तमिलों से अपील की कि वे प्रभाकरण को पूरा समर्थन देने के लिए एकजुट रहें. उन्होंने तमिलनाडु सरकार, पार्टियों और तमिलनाडु की जनता से भी प्रभाकरण के साथ खड़े होने का भी आह्वान किया।

कौन है वेलुपिल्लई प्रभाकरन?

वेलुपिल्लई प्रभाकरन एक श्रीलंकाई तमिल गुरिल्ला और लिबरेशन टाइगर्स ऑफ़ तमिल ईलम (लिट्टे) का संस्थापक है। लिट्टे ने श्रीलंका के उत्तर और पूर्व में एक स्वतंत्र तमिल राज्य बनाने की मांग की थी। लिट्टे ने श्रीलंकाई तमिल लोगों के लिए एक स्वतंत्र राज्य बनाने के लिए श्रीलंका में 25 से अधिक वर्षों तक युद्ध छेड़ा था।करीब 30 सालों तक तक अपने आतंक और दहशत से श्रीलंका को बार-बार दहलाता रहा। अलग राज्य की मांग को लेकर लिट्टे ने सबसे पहले आत्मघाती दस्ते की शुरुआत की। इसने इस दस्ते का यूज कर हजारों निर्दोष लोगों के साथ कई राजनीतिक हस्तियों को भी मौत के घाट उतार दिया। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी भी शामिल थे।

2009 में श्रीलंका ने प्रभाकरण को मृत घोषित किया था

बता दें कि श्रीलंकाई सेना ने 2009 में एक सैन्य अभियान चलाया था जिसमें प्रभाकरण के मारे जाने की बात कही गई थी। श्रीलंका के उत्तर और पूर्व प्रांत में एक स्वतंत्र तमिल राज्य बनाने के लिए हिंसक अभियान चलाने वाले प्रभाकरन को श्रीलंका सरकार ने 18 मई 2009 को मृत घोषित कर दिया। हिंसक एवं अलगाववादी आंदोलन चलाने पर दुनिया के 32 देशों ने लिट्टे को आतंकवादी संगठन घोषित किया था। इसी के साथ श्रीलंका का जाफना क्षेत्र लिट्टे के आतंक से आजाद हो गया था। प्रभाकरण के मार जाने के बाद लिट्टे ने हार मानते हुए अपनी बंदूकें शांत करने की घोषणा की थी।

India

Feb 13 2023, 13:53


उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में विहिप नेता को गोली मारने वाला भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर छिड़ी थी सोशल मीडिया पर जंग

यूपी के मुरादाबाद में विश्व हिंदू परिषद के महानगर सहमंत्री संतोष पंधारी पंडित को गोली मारने के आरोपी रजत शर्मा पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। सीओ सिविल लाइन डॉ. अनूप सिंह ने की गिरफ्तारी की पुष्टि की है, हालांकि अभी पुलिस ने मीडिया कर्मियों को आरोपी से मिलने नहीं दिया है। पुलिस बाद में गिरफ्तारी और गोली मारने के कारणों का खुलासा करेगी। हालांकि शुरुआती जांच में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान को लेकर दोनों के बीच में सोशल मीडिया पर हुई बहस को लेकर हमला करने की बात सामने आयी है। बहरहाल, रजत की गिरफ्तारी पर एसएसपी हेमराज मीणा ने पुलिस टीम की सराहना की है।

विहिप के सहमंत्री संतोष पंडित को गोली मारने के आरोपी भाजपा कार्यकर्ता रजत शर्मा को गिरफ्तार करके पुलिस घटना की बाबत पूछताछ कर रही है। जानकार बताते हैं कि मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। याद रहे कि दिल्ली रोड पर मझोला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम विहिप नेता संतोष पंडित को गोली मार दी गई थी। घटना मानसरोवर कालोनी के गेट पर हुई थी। घटना के समय नया मुरादाबाद निवासी संतोष पंडित कटघर में विहिप की बैठक से अपने दो साथियों के साथ लौटे थे। तभी बाइक पर पहुंचे नागफनी निवासी रजत शर्मा ने संतोष को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल संतोष पंडित को साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। गोली मारने से पहले दोनों में बहस भी हुई थी। याद रहे कि संतोष पडिंत और रजत शर्मा एक-दूसरे से अच्छी तरह परिचित हैं।

माना जाता है कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के जातियां पंडितों ने बनाई है वाले बयान को लेकर ब्राह्मण समाज में नाराजगी है और ब्राह्मण सभा ने आठ फरवरी को कलेक्ट्रेट पर प्रमुख मोहन भागवत के खिलाफ प्र्रदर्शन कियाा था। मोहन भागवत के खिलाफ नारेबाजी करने पर संतोष ने रजत के खिलाफ अपने फेसबुक एकाउंट पर पोस्ट की थी जिसके जवाब में रजत ने भी अपने फेसबुक एकाउंट पर पोस्ट की थी।

 संतोष ने मोहन भागवत के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद भी रजत के भाजपा पदाधिकारी बने रहने पर भी सवाल उठाया था। हालांकि हमले के बाद भाजपा नेताओं ने रजत के भाजपा में होने से इनकार कर दिया है। बता दें कि रजत शर्मा नगर निगम का संविदा कर्मचारी है और नागफनी क्षेत्र में रहता है।

India

Feb 13 2023, 13:51

उत्तराखंड में पेपर लीक मामले में इनामी आरोपियों की तलाश में यूपी में छापे, भाजपा नेता समेत तीन फरार, अब तक 19 आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पटवारी व सहायक अभियंता (एई) और अवर अभियंता (जेई) की लिखित भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में फरार आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत तीन आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित करने के बाद टीमें धरपकड़ के लिए रवाना कर दी गई हैं। एक टीम पूर्वी उत्तर प्रदेश पहुंची है जबकि एक टीम हरिद्वार के अलावा आसपास के इलाकों में दबिश दे रही है।

पटवारी और एई-जेई भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में एसआईटी जुटी हुई है। जेल में बंद मास्टरमाइंड संजीव चतुर्वेदी के भांजे अनुराग पांडे निवासी बलिया उत्तर प्रदेश का नाम प्रकरण में सामने आया था जबकि लक्सर बाकरपुर निवासी डेविड की भूमिका भी प्रकाश में आई लेकिन दोनों हत्थे नहीं चढ़ पाए।

वहीं एई-जेई और पटवारी पेपर लीक मामले में फरार पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मंगलौर ग्रामीण संजीव धारीवाल निवासी मोहम्मदपुर जट मंगलौर हाथ नहीं लग पाया है। शुक्रवार देर रात एसएसपी अजय सिंह ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। अब एसआईटी ने तलाश तेज कर दी।

अनुराग पांडे की गिरफ्तारी के लिए एक टीम बलिया उत्तर प्रदेश भेजी गई है। अलग-अलग टीमें भाजपा नेता संजय धारीवाल और डेविड की तलाश में दबिश दे रही है। आरोपियों के कई लोगों से कनेक्शन निकलने की बात भी सामने आई हैं। एसआईटी उनसे भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि जांच चल रही है। पेपर लीक के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

India

Feb 13 2023, 12:54

भारत-नेपाल सीमा पर बिहार में तैनात जवानों में खूनी संघर्ष, सर्विस हथियार से एक ने दूसरे को मारी गोली, हालत गंभीर

 बिहार के सीतामढ़ी में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात सोनबरसा के नरकटिया बीओपी में दो जवानों के बीच आपसी लड़ाई में गोलीबारी से हड़कंप मच गया है। एक जवान ने दूसरे पर गोली चला दी। गोली जवान की जांघ में लगी है। जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपित जवान को एसएसबी ने फिलहाल अपने कब्जे में ले लिया है।

घटना सोमवार सुबह 7 बजे के करीब की बताई जा रही है। घटना के बाद आनन-फानन में जवान को गंभीर हालत में सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जवान की पहचान झारखंड निवासी धर्मेंद्र कुमार जोलोजो (33 वर्ष), पिता मंगल जोलोजो के तौर पर हुई है। वहीं, आरोपित जवान का नाम थान सिंह मीणा, पिता जगदीश मीणा है। वह राजस्थान का रहने वाला है। 

बताया जा रहा है कि जवान ने इंसास राइफल से दूसरे जवान पर गोली चलाई। एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार ने जवान को गोली लगने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। हालांकि, जवानों के बीच किस बात को लेकर विवाद था, इसपर कोई भी अधिकारी अभी कुछ भी बताने से के लिए तैयार नहीं है।

चिकित्सक के अनुसार, जवान के बाईं पैर के जांघ में एक गोली लगी है। सशस्त्र सीमा बल एसएसबी की 51वीं बटालियन के नरकटिया बीओपी में जवान की तैनाती है। अबतक आपसी विवाद में गोली चलने की बात सामने आई है। आरोपित जवान को भी पिटाई लगी है। एसएसबी के कमांडेंट राजन कुमार श्रीवास्तव ने कोई बयान देने से इनकार कर दिया है। तमाम बड़े अधिकारी बीओपी से लेकर सदर अस्पताल तक दौड़ लगा रहे हैं।

India

Feb 13 2023, 12:52

'

रामचरित मानस पर टिप्पणी करने वाले बाबर की संतान', UP सहकारिता मंत्री भी विवाद में कूदे, राहुल गांधी और अखिलेश यादव को राजनीति के लिहाज से नासमझ भी बताया

उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री गोविंद सिंह ने रामचरित मानस पर टिप्पणी करने वालों को बाबर की संतान बता दिया। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को राजनीति के लिहाज से नासमझ भी बताया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर शाम पत्रकारों से बात करते सहकारिता मंत्री ने कहा कि जो भी रामचरितमानस के बारे में ऊल-जलूल बोल रहे हैं, वह सब बाबर की संतान हैं। जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई हैं, ऐसे लोगों से हम और राम भक्त क्या अपेक्षा कर सकते हैं।

कांग्रेस और अखिलेश पर साधा निशाना

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों राजनीति के लिहाज से नासमझ हैं। एक सवाल के उत्तर में सहकारिता मंत्री ने बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में हमारी पार्टी बड़े बहुमत से जीतेगी। हम तीसरी बार केंद्र में हम सरकार बनाने जा रहे हैं। धर्म और राजनीति के सवाल पर उनका कहना था कि इस समय जितना ही प्रहार हो रहा है, वह सब सनातन धर्म पर ही किया जा रहा है। आने वाले चुनाव में प्रदेश की जनता ऐसा करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दे देगी।

विपक्षियों को किसी भी जाति से मतलब नहीं

सहकारिता मंत्री ने कहा कि विपक्षियों को किसी भी जाति से मतलब नहीं है। चाहे अगड़े हों या पिछड़े, उनको तो अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार से देश और प्रदेश के लोग सभी संतुष्ट हैं, किसान भी प्रसन्न है। इस मौके पर भाजपा नेता अनुराग पांडेय, रमाकांत दुबे, कलपेंद्र भारती सहित अन्य भाजपाई मौजूद रहे।

India

Feb 13 2023, 12:51

व्लादिमीर पुतिन के करीबी व्लादिमीर सोलोवयोव ने एक शो के दौरान जनता से पूछा क्या हम उन्हें निशाना नहीं बना सकते, ब्रिटेन की संसद पर हमले से जुड़े सवाल पर मचा हड़कंप



रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच युद्ध शुरू हुए लगभग एक साल पूरे होने वाला है। इस बीच इस जंग का पलड़ा कभी रूस तो कभी यूक्रेन की ओर झुका दिखता है। हालांकि, ज्यादातर समय रूस ने ही अपनी आक्रामक क्षमता से यूक्रेन को नुकसान पहुंचाया है। इसके बावजूद पश्चिमी देशों की मदद से यूक्रेन भी समय-समय पर पलटवार करने में सफल रहा है। अब इस मदद पर रूस की निगाहें भी टेढ़ी हो रही हैं। हाल ही में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक करीबी साथी ने यूक्रेन के मददगारों को तबाह करने का जिक्र करते हुए ब्रिटेन की संसद पर हमले तक की मांग कर डाली।

रूस की सरकारी मीडिया के होस्ट और व्लादिमीर पुतिन के करीबियों में गिने जाने वाले व्लादिमीर सोलोवयोव हाल ही में एक शो के दौरान जनता से ब्रिटेन की संसद पर हमले से जुड़े सवाल पूछते सुने जा सकते हैं। उनका यह वीडियो यूक्रेन के गृह मंत्री के सलाहकार एंटॉन गेराशसेंको की तरफ से अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ साझा किया गया है।

वीडियो में व्लादिमीर सोलोवयोव ऑडियंस से पूछते हैं- "क्या हम आखिरकार लंदन को निशाना नहीं बना सकते? इसमें दिक्कत ही क्या है? नहीं-नहीं, मैं सिर्फ सैन्य ठिकानों पर हमले की बात नहीं कर रहा, बल्कि संसद को निशाना भी बनाया जा सकता है।"

 

'क्या पश्चिमी देश तय करेंगे कि रूस क्या है?'

इसी वीडियो में सोलोवयोव पश्चिमी देशों को चेतावनी देते हुए कहते हैं- "वे (पश्चिमी देश) यूक्रेन को विमान देने जा रहे हैं, ताकि रूसी क्षेत्र पर भी हमला किया जा सके। इसी दौरान वे चालाकी से यह भी कह रहे हैं कि हम क्रीमिया को रूस का हिस्सा नहीं मानते। सोलोवयोव शो के दौरान पूछते हैं- "तो क्या अब आप (पश्चिमी देश) ही फैसला करेंगे कि रूस आपके लिए क्या है? रूस के लोग नहीं, कोई जनमत संग्रह या मतदान नहीं, बल्कि आप निर्णय करेंगे कि रूस हमारे लिए क्या है?

'रूस के खिलाफ नाजी ताकतें एक साथ'

"ऐसे में हम भी किसी को मान्यता नहीं देंगे। हमारे लिए कोई इंग्लैंड नहीं होगा, कोई फ्रांस नहीं और न ही कोई जर्मनी। यह कुछ नाजी देश हैं जो कि रूस की हर चीज के खिलाफ खड़े हैं। इसलिए हमें गंभीर होने की जरूरत है। क्या उन्हें लगता है कि उनके कदमों की कोई सीमा नहीं है। ठीक है, हम उन्हें दिखाते हैं कि हमारी कार्रवाई की भी कोई सीमा नहीं है। उन पर हमला करते हैं।"

India

Feb 13 2023, 12:49

संसद के बजट सत्र का आज आखिरी दिन भी अदानी मुद्दे पर जमकर हंगामा, भाजपा बोली- 'राहुल ने नहीं मांगी माफी तो जाएगी सदस्यता', राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

 संसद के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। बजट सत्र के अंतिम दिन भी अदाणी मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा देखने को मिला। राज्यसभा व लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने सदन में हंगामा किया। जिसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही 13 मार्च सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इससे पहले विपक्षी दलों के नेताओं ने राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे के संसद कक्ष में मुलाकात की थी।

13 मार्च तक के लिए राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

अदाणी मुद्दे पर विपक्षी सांसदों द्वारा नारेबाजी के बीच राज्यसभा की कार्यवाही 13 मार्च सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। बजट सत्र का दूसरा भाग 13 मार्च से शुरू होगा।

विपक्षी सांसदों की नारेबाजी पर जगदीप धनखड़ ने जताई नाराजगी

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि जानबूझकर अड़ंगा लगाया जा रहा है और यह सदन चलाने का तरीका नहीं है। हम पहले ही काफी समय बर्बाद कर चुके हैं। यदि सदन को इस तरह के व्यवधान के अधीन किया जाता है, तो मैं लोगों की अपेक्षा के अनुसार कार्य करने के लिए विवश हो जाऊंगा।

कई सांसदों को वेल में प्रवेश करने पर दी चेतावनी

राज्यसभा के सभापति ने सांसद राघव चड्ढा, संजय सिंह, इमरान प्रतापगढ़ी, शक्ति सिंह गोहिल, संदीप पाठक और कुमार केतकर सहित अन्य नेताओं को वेल में प्रवेश करने को लेकर चेतावनी दी।

राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण के अंश निकाले जाने के बाद विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही 11:50 तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

सांसदों के नारेबाजी के बीच राज्यसभा सभापति ने विपक्ष के नेता खरगे से कहा कि विपक्ष के नेता आपने इतने शब्दों में संकेत दिया है कि अध्यक्ष दबाव में काम कर रहे हैं। इन शब्दों को हटा दिया गया है। आप सदन के पटल पर बने रहने के अपने अधिकार का हनन कर रहे हैं। हर बार आप कह रहे हैं कि अध्यक्ष दबाव में काम कर रहे हैं।

राहुल को नोटिस पर खरगे ने जताया एतराज

राहुल गांधी को लोकसभा सचिवालय के नोटिस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में जो कुछ भी कहा था वह पहले से पब्लिक डोमेन में है, जो सभी लोग बोलते-लिखते हैं। वही बात उन्होंने कही है। इसमें कुछ भी असंसदीय नहीं है। इसलिए वह उसी हिसाब से नोटिस का जवाब देंगे।

पीएम मोदी पर आरोप लगाना सही नहीं- निशिकांत दुबे

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिना स्पीकर को नोटिस दिए आप हमारे पीएम पर इस तरह के आरोप नहीं लगा सकते। नोटिस में हमने राहुल गांधी को 15 फरवरी तक स्पीकर को सबूत दिखाने के लिए कहा है, जो उनके दावों को साबित कर सकता है या उन्हें संसद में माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा वह अपनी लोकसभा सीट खो देंगे।

अदानी मुद्दे पर चर्चा चाहते हैं हम- खरगे

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चूंकि आज संसद में बजट सत्र के पहले भाग का आखिरी दिन है, हम इस बात पर चर्चा करेंगे कि हम इस अदाणी मुद्दे को कैसे सुलझा सकते हैं और हमारे अध्यक्ष क्या करेंगे। अन्य दलों के नेताओं की भी इस पर राय लेंगे।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने दिया नोटिस

बता दें कि कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोमवार को लोकसभा में चीन के अतिक्रमण के मुद्दे पर चर्चा के लिए स्थगन नोटिस पेश किया। नोटिस में उन्होंने कहा अप्रैल 2020 से चीन लगातार हमारी जमीन हड़पने में लगा हुआ है। 16 जनवरी 2023 तक भारत और चीन के बीच कमांडर स्तर की 17 दौर की वार्ता हो चुकी है, इसमें थोड़ी सफलता मिली है, जबकि चीन अपने सैनिकों के लिए पुलों, सड़कों और आवास सहित महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे का निर्माण करना जारी रखे है। चीन एकतरफा यथास्थिति को बदलने का प्रयास कर रहा है।

India

Feb 13 2023, 12:13

राजधानी लखनऊ में तीन दिवसीय जी-20 सम्मेलन आज से

लखनऊ। सोमवार से तीन दिन के लिए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ जी20 देशों के मेहमानों की अगवानी करेगा। डिजिटल इकॉनमी वर्किंग ग्रुप (डीईडब्ल्यूजी) की बैठक में इस दौरान विभिन्न देशों के 143 प्रतिनिधि शामिल होंगे। जी20 समूह देशों के अलावा नौ आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल होंगे

। इसमें साइबर क्राइम, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल शिक्षा पर अलग-अलग समूह के साथ सत्र रहेंगे। इसमें भारत के हुए कामों को जहां प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं भविष्य की रणनीति पर भी इस दौरान चर्चा होगी। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह शामिल होंगे। 

मिली जानकारी के अनुसार 2022 में जी20 की अध्यक्षता इंडोनेशिया को मिली थी। 2023 में भारत इसकी अध्यक्षता कर रहा है। भारत के बाद 2024 में ब्राजील को अध्यक्षता करनी है। यह एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि पूरे साल 20 देशों के लिए प्रतिनिधित्व और बैठकों के आयोजन कराने होते हैं। इससे पूरी दुनिया को एक दिशा दी जा सके, यह भी सुनिश्चित किया जाता है। भारत ने वसुधैव कुटुम्बकम को थीम चुना है। लखनऊ में डीडब्ल्यूईजी की पहली बैठक हो रही है। लखनऊ के बाद अप्रैल में हैदराबाद, जून में पुणे में बैठक होनी है। सितंबर में मिनिस्टर स्तरीय मीटिंग अंतिम सहमति के लिये होगी। जानकारी के लिए बता दें कि जी-20 सम्मेलन को लेकर पूरे लखनऊ को जी-20 के रंग में रंगा गया है। सबसे खास बात यह है कि 1090 चौराहे के पास बीस देशों के झंडों को लगाया गया है।

India

Feb 13 2023, 11:46

पीएम मोदी ने बेंगलुरु में किया एयरो इंडिया 2023 का उद्घाटन कहा- महज शो नहीं, इंडिया की है ताकत

#aeroindiashow2023pmmodiinauguratedinbengaluru

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु में एयरो इंडिया मेगा शो का उद्घाटन किया।येलहंका के वायु सेना स्टेशन में एयरो इंडिया 2023 के उद्घाटन में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत के नए दृष्टिकोण को दिखाता है। पीएम ने कहा कि आज ये एक शो मात्र नहीं बारत को ताकत को दिखाता है।

भारत की ताकत दिखाता है एयरो इंडिया- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि जब कोई देश नई सोच और नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ता है तो उसकी व्यवस्थाएं भी नई सोच के साथ ढलने लगती हैं। आज का ये आयोजन भारत की नई सोच को भी प्रतिबिंबित करता है। आज ये आयोजन केवल एक शो नहीं है, ये भारत की स्ट्रेंथ भी है और भारत की डिफेंस इंडस्ट्री के स्को और सेल्फ कॉन्फिडेंस को भी फोकस करता है।पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब इसे महज एक शो समझा जाता था। पिछले कुछ सालों में देश ने इस धारणा को बदल दिया है। आज यह सिर्फ दिखावा नहीं है बल्कि भारत की ताकत भी है। यह भारतीय रक्षा उद्योग के दायरे और आत्मविश्वास पर केंद्रित है।

भारत पर पूरे विश्व का विश्वास कितना बढ़ ये भी दिखाता है-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, एयरो इंडिया का यह आयोजन भारत के बढ़ते हुए सामर्थ्य का उदाहरण है। इसमें दुनिया की करीब 100 देशों की मौजूदगी होना दिखाता है कि भारत पर पूरे विश्व का विश्वास कितना बढ़ गया है। उन्होंने आगे कहा, देश-विदेश के एग्जिबिटर इसमें अपनी भागीदारी कर रहे हैं। इसने अब तक अपने सारे रिकोर्ड तोड़ दिए हैं। इसमें भारतीय एमएसएमई भी हैं, स्वदेशी स्टार्ट अप भी है और दुनिया की जानी मानी कंपनी भी है।

2024 -25 तक डिफेंस एक्सपोर्ट को 5 बिलियन डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य-पीएम मोदी

भारत ने बीते 8-9 साल में अपने यहां डिफेंस के क्षेत्र का कायाकल्प कर दिया है। हम अभी इसे केवल एक शुरुआत मानते हैं। हमारा लक्ष्य है कि हम वर्ष 2024 -25 तक डिफेंस एक्सपोर्ट को 5 बिलियन डॉलर तक ले जाएंगे। भारत अब डिफेंस उत्पादक देशों में शामिल होने के लिए तेजी से कदम बढ़ाएगा।

एयरो स्पेस और डिफेंस के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बेंगलुरु का आसमान न्यू इंडिया के सामर्थ्य का गवाह बन रहा है। बेंगलुरु का आसमान इस बात की गवाही दे रहा है कि नई ऊंचाई ही नए भारत की सच्चाई है। आज देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है और उसे पार भी कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा, यह आयोजन एक और वजह से बहुत खास है। यह कर्नाटक जैसे एक ऐसे राज्य में हो रहा है जिसे तकनीक की दुनिया में विशेष महारत हासिल है। इस आयोजन से एयरो स्पेस और डिफेंस के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। कर्नाटक के युवाओं के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी।

India

Feb 13 2023, 11:30

डब्ल्यूपीएल ऑक्शनः चमक सकती है इन खिलाड़ियों की किस्मत, मंधाना-हरमनप्रीत पर लग सकता है बड़ा दांव

#womenspremierleagueauction2023

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पहली बार महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का आयोजन कराने जा रही है। जिसको लेकर आज मुंबई में ऑक्शन का आयोजन होगा। ऑक्शन दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा। ऑक्शन के लिए 409 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट की गई हैं। जिनमें से कई खिलाडियों की किस्मत आज चमकने वाली है।उन खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने हाल ही में अंडर-19 महिला विश्व कप में छाप छोड़ी थी और वह डब्ल्यूपीएल में बड़ी रकम जेब में डाल सकती हैं।

स्मृति मंधाना- भारत की उप-कप्तान और ओपनिंग बैटर स्मृति मंधाना इस ऑक्शन में सबसे ज्यादा बोली हासिल करने वाली खिलाड़ी बन सकती हैं। बल्लेबाजी के साथ-साथ फ्रेंचाइजी बतौर कप्तान इन्हें हासिल करने के लिए बोली लगा सकती हैं। वह भारत की तरफ से अंतराराष्ट्रीय टी20 मैच में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं।

हरमनप्रीत कौर-डिया विमेंस टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, मिडिल ऑर्डर की विस्फोटक बैटर भी हैं। वह 2020 के टी-20 वर्ल्ड कप और बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में टीम को फाइनल तक ले गई थीं। भारत के लिए 146 टी-20 इंटरनेशनल में हरमन ने करीब 107 के स्ट्राइक रेट से 2940 रन बनाए हैं। वह ऑफ स्पिन बॉलिंग भी कर लेती हैं। हरमनप्रीत कौर मार्की प्लेयर्स के सेट-1 में शामिल हैं। उनकी बेस प्राइस 50 लाख रुपए हैं और उनका नाम भी पहली लिस्ट में ही होगा

श्वेता सेहरावत- इस लिस्ट में एक नाम है विश्व विजेता बनी भारतीय टीम की बेहतरीन बल्लेबाज श्वेता सेहरावत का। श्वेता ने साउथ अफ्रीका में खेले गए अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने सात मैचों में 99 की औसत से 297 रन बनाए थे जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे थे। श्वेता की बेस प्राइस 10 लाख रुपये है। उनके लिए टीमें जमकर बोलियां लगा सकती हैं।

एलिस पेरी- ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पेरी सबसे अनुभवी महिला खिलाड़ियों में से एक हैं। जिस पर फ्रेंचाइजी बड़ी बोली लगा सकते हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 2009 से लेकर अब तक सभी टी-20 वर्ल्ड कप खेले हैं। अब तक 134 टी-20 इंटरनेशनल में उन्होंने 1515 रन बनाने के साथ 120 विकेट भी लिए हैं।

सोफी एक्लेस्टोन-इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एकलेस्टोन वनडे में दुनिया की नंबर वन गेंदबाज हैं, जो अपनी फिरकी से दुनियाभर के बल्लेबाजों को परेशान करती हैं। उन्होंने 65 टी20 मैचों में 16.22 की औसत से 86 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनकी इकोनॉमी 5.90 की रही है। सोफी के इन आंकड़ों पर सभी फ्रेंचाइजियों की नजरें होगी।